वॉशिंगटन: यूक्रेन में चल रही भीषण जंग के बीच रूस लगातार परमाणु हमले की चेतावनी दे रहा है। इस बीच अब ताजा खुलासा हुआ है कि अमेरिका लगातार निजी रूप से रूस को परमाणु बम के इस्तेमाल के खिलाफ चेतावनी दे रहा है। अमेरिका ने साफ कह दिया है कि अगर रूसी सेना ने यूक्रेन में परमाणु बम का इस्तेमाल किया तो उसे बहुत गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक बाइडन प्रशासन ने जानबूझकर परमाणु हमले के खिलाफ अपनी चेतावनी को गोपनीय रखा है ताकि रूस को इसकी चिंता बनी रहे कि अमेरिका उसके ऐक्शन का कैसे जवाब देगा।
मेदवेदेव ने कहा कि रूस न केवल इस नई रिजर्व सेना बल्कि देश के परमाणु बम समेत किसी भी हथियार का इस्तेमाल करने के लिए सक्षम है। उनका इशारा हाइपरसोनिक हथियारों की ओर था। उन्होंने कहा, ‘रूस ने अपना रास्ता चुन लिया है। पीछे लौटने का कोई रास्ता ही नहीं है। इससे पहले पुतिन ने संकेत दिया था कि यूक्रेन के दक्षिण और पूर्वी इलाकों को अपने हिस्से में मिलाएगा। उन्होंने कहा कि मैं झांसा नहीं दे रहा हूं और रूस की क्षेत्रीय रक्षा के लिए सभी तरीके के साधन अपनाऊंगा। उनका भी इशारा रूस के परमाणु हथियारों की ओर था।

