संघ सेवा और विकास करते रहे युवक -मुनि प्रशांत
गुलाब बाग (बर्धमान जैन): आचार्य श्री महाश्रमणजी के सुशिष्य मुनिश्री प्रशांत कुमारजी मुनिश्री कुमुद कुमारजी के सान्निध्य में तेरापंथ युवक परिषद गुलाब बाग,बलुआ कालियागंज, इस्लामपुर (बंगाल) का एक साथ दायित्व बोध ग्रहण (शपथग्रहण) समारोह आयोजित हुआ। जनसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री प्रशांत कुमारजी ने कहा – हमारा धर्मसंघ विभिन्न दृष्टिकोणों से समृद्ध है। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद अपने शाखा परिषद के द्वारा अनेकानेक गतिविधियों को संचालित कर रही है। आध्यात्मिक और सामाजिक विकास की ओर गतिमान रहती है। युवक संघ सेवा और विकास करते रहे। हमारे भीतर श्रावकत्व परिपक्व होना चाहिए। गुरु दर्शन, सेवा उपासना की जागरुकता बनी रहें। युवक परिषद रास्ते की सेवा में जागरुक रहती है।तेयुप अध्यक्ष और उनके सदस्यों के प्रति मंगलकामना अपनी शक्ति, सामर्थ्य को सकारात्मक दिशा में नियोजित कर अपना एवं संघ का गौरव बढ़ाए। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद कोषाध्यक्ष विकास बोथरा ने कहा – मुनि श्री के सान्निध्य में दायित्व ग्रहण हो रहा है। तीनों परिषद अपने दायित्व के प्रति सजग रहें। संस्था के विधान के अनुसार कार्य करें। गतिविधियों की जानकारी समय समय पर प्रसारित होने से कार्य को अधिक बल मिलता है।

मंत्री रवि बोथरा ने बताया – मुनिश्री के मंत्रोच्चार से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।तेयुप गुलाब बाग ने विजय गीत प्रस्तुत किया। श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विकास बोथरा ने किया। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विकास बोथरा ने गुलाब बाग तेयुप अध्यक्ष मोहित संचेती, इस्लामपुर अध्यक्ष मुदित पींचा, बलुआ कालियागंज अध्यक्ष हुलास मालू को अध्यक्षीय शपथ दिलाई। तीनों अध्यक्ष ने अपनी टीम को शपथ दिलाई। नव परिषद बलुआ कालियागंज को अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा परिषद स्थापना पत्र एवं सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। गुलाब बाग तेयुप अध्यक्ष मोहित संचेती ने व्यक्तव्य प्रस्तुत किया। गुलाब बाग परिषद द्वारा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विकास बोथरा एवं शाखा प्रभारी मुदित पींचा का सम्मान किया गया।आभार मंत्री रवि बोथरा ने किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन चंदन डागा ने किया।

