नई दिल्ली: पंजाब कांग्रेस में जारी घमासान के बीच सब की नजर अब पार्टी आलाकमान के अगले कदम पर है। पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू की नाराजगी कहीं कांग्रेस को महंगा न पड़ जाए। पंजाब में की हालत पर पूर्व विदेश मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता नटवर सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान स्थिति बिल्कुल भी ठीक नहीं है। इसके लिए तीन लोगों में से एक राहुल गांधी जिम्मेदार हैं। कांग्रेस पर छाए संकट के बादल पर पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि राहुल गांधी के पास कोई पद नहीं है, फिर भी वह बता रहे हैं कि क्या करना चाहिए। नटवर सिंह ने पंजाब में कांग्रेस की हालत का जिम्मेदार राहुल गांधी के अलावा दो अन्य लोगों को भी बताया है। उन्होंने कहा, जो चल रहा है, वह बिल्कुल ठीक नहीं है, ऐसा तो पहले कभी हुआ ही नहीं। अब न वर्किंग कमेटी की मीटिंग होती है, न एआईसी की मीटिंग होती है।’
नटवर सिंह आगे कहते हैं, ये कांग्रेस में तीन लोग बैठे हैं, उनमें से एक हैं जिनके पास कोई पद भी नहीं है। राहुल गांधी, दूसरों को निर्देश दे रहे हैं। अब फैसला किया..अमरिंदर सिंह को हटाने का इन दोनों (सोनिया गांधी और राहुल गांधी) ने किया। इतना बड़ा सीनियर आदमी (कैप्टन) है कांग्रेस के अंदर, 52 साल से पॉलिटिक्स के अंदर है, आप ऐसा करते हैं। अच्छा उनकी जगह आप किसको लाते हैं… नवजोत सिंह सिद्धू। जिन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया…. फिर हामिद अंसारी के पास गए कि वापिस ले रहा हूं.. तो उन्होंने कहा वापिस तो ही नहीं सकता।

