कलाहांडी (लिंगराज मिश्र) : ओडिशा के नरला ब्लॉक परबांगी स्थित सत्य महिमा आश्रम में श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर नुआखाई पर्व बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। बुधवार की शाम को अखंड ब्रह्म धुनि का प्रज्वलन किया गया तथा प्रभु के भजन-कीर्तन के साथ भक्ति संध्या का आयोजन हुआ। अगले दिन गुरुवार को ब्रह्म मुहूर्त में सप्तामृत पणा के साथ नवान्न (नई फसल) भगवान को अर्पित किया गया। इसके बाद सभी महिमा धर्मावलंबियों ने नवान्न प्रसाद ग्रहण किया।

परबांगी स्थित सत्य सनातन महिमा आश्रम के मठाधीश एवं विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल के सदस्य तथा अखिल भारतीय धर्म विभाग के प्रचारक साधु प्रभाकर दास महाराज ने अखंड ब्रह्म धुनि प्रज्वलित की तथा सभी भक्तों को स्वहस्ते नवान्न भोग वितरित किया। नवान्न ग्रहण के पश्चात उपस्थित सभी भक्तों ने पूज्य साधु जी का शरण मानकर आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात सभी भक्तों ने आपस में एक-दूसरे को शरण मान्य किया।

इस नवान्न भोग कार्यक्रम में साधु विपिन दास, लिपुन भक्त, धनेश्वर भक्त, कोदंड भक्त, मनोहर भक्त, भरत भक्त, लक्षपति भक्त, सच्चिदानंद भक्त, आकाश भक्त, उद्धव भक्त और युधिष्ठिर भक्त सहित कई साधु-संत एवं भक्तगण उपस्थित थे। पश्चिम ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों पुरुष एवं महिला भक्तों के अलावा भुवनेश्वर से विक्रम कुमार नायक, कोरापुट से कृष्ण भक्त तथा कुसुमखुंटी से २० से अधिक भक्तों ने इस कार्यक्रम में सहभागिता की एवं इसके सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।

