आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी का 107 वां जन्मदिवस

गुरु निष्ठा एवं आत्मनिष्ठा से जगी प्रज्ञा -मुनि प्रशांत

गुलाब बाग (बर्धमान जैन): आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी के 107 वें जन्मदिवस के आयोजन को संबोधित करते हुए मुनिश्री प्रशांत कुमार जी ने कहा- स्वयं की साधना, गुरु के प्रति अदभुत समर्पण से शून्य से शिखर तक पहुंच गए महात्मा महाप्रज्ञ जी। गुरु निष्ठा एवं आत्मनिष्ठा से उनकी प्रज्ञा जागृत हुई।आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी एक महान अध्यात्म योगी संत थे। उनकी योग साधना अत्यंत गहन थी। स्वयं प्रयोगधर्मा पुरुष थे।आगम आधारित योग साधना के सूत्र को गहराई से आत्मसात कर स्वयं ने प्रयोग करके साधु साध्वी को प्रयोग करवाएं। प्रेक्षाध्यान पद्धति का अविष्कार किया। प्रेक्षाध्यान को वैज्ञानिक स्वरूप प्रदान किया। ध्यान के विविध प्रयोग जनता के सामने प्रस्तुत किये।

भगवद् गीता में बताया गया स्थितप्रज्ञता का स्वरूप उनके जीवन में साकार दिखाई देता था। आचार्य श्री महाप्रज्ञ की अन्तर्प्रज्ञा जागृत थी।उनके भीतर में ज्ञान का चक्षु खुल चुका था। उन्होंने जो साहित्य की धारा प्रवाहित की उससे अनेक प्रबुद्ध व्यक्ति प्रभावित हुए। उनके साहित्य में प्रत्येक समस्या का समाधान मिलता है। राजनीतिज्ञ, प्रशासनिक सामाजिक सभी स्तर के व्यक्तियों ने उनसे बहुत कुछ प्राप्त किया।उनका चिंतन हमेशा सकारात्मक रहा। उनके अवदानों की स्मृति ही नहीं करें, उनके उपदेशों को जीवन में लाने का प्रयास किया जाएं।


मुनि कुमुद कुमार जी ने कहा- खुले आकाश में जन्म लेने वाले बालक नत्थु ने खुले आकाश जैसी ही विराटता को प्राप्त किया।विनय और गुरु के प्रति समर्पण के तो वे मूर्तिमान स्वरूप थे। गुरु के प्रति समर्पण, पुरुषार्थ के बल पर वे आगे बढ़ते गए।उनका दृष्टिकोण ओर चिंतन आध्यात्मिक और वैज्ञानिक था। व्यवहार करुणामय था। उनके पास आने वाले हर व्यक्ति को एक नई प्रेरणा नया मार्गदर्शन मिलता था। वें सहज, सरल एवं अप्रमत साधक थे। महिला मंडल के मंगलाचरण से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। तेरापंथ सभा अध्यक्ष मनोज पुगलिया, नेपाल बिहार सभा अध्यक्ष विरेंद्र संचेती,अभातेयुप कोषाध्यक्ष विकास बोथरा,तेरापंथ महिला मंडल से श्रीमती बबिता गिरिया,ने गीत एवं व्यक्तव्य के द्वारा अभिव्यक्ति दी। कार्यक्रम का संचालन मुनि श्री कुमुद कुमार जी ने किया। आभार सभा मंत्री सुनील भंसाली ने किया।

Sunil Kumar Dhangadamajhi

𝘌𝘥𝘪𝘵𝘰𝘳, 𝘠𝘢𝘥𝘶 𝘕𝘦𝘸𝘴 𝘕𝘢𝘵𝘪𝘰𝘯 ✉yadunewsnation@gmail.com

http://yadunewsnation.in