गरियाबंद: अमलीपदर को तहसील बनाने की ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हो गयी है। सीएम भूपेश बघेल ने आज इसकी घोषणा कर दी है। सीएम ने जल्द ही अमलीपदर में राजस्व कार्यालय शुरू करने का भी भरोसा दिलाया है। सीएम की घोषणा का कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया है वही स्थानीय जनता भी सीएम की घोषणा से खुश है। सीएम भूपेश बघेल ने आज अपने निवास पर गरियाबंद जिले के कांग्रेस नेताओं और संगठन पदाधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जिले में सरकार की योजनाओं और जिले के बेहतर विकास के लिए स्थानीय कांग्रेस नेताओं और संगठन पदाधिकारियों से चर्चा की। इसी दौरान अमलीपदर को तहसील बनाने की मांग उठी जिसे सीएम ने तत्काल स्वीकार करते हुए अमलीपदर को तहसील घोषित करते हुए जल्द ही वहां राजस्व कार्यालय खोलने का आश्वासन दिया। मौजूद सभी स्थानीय नेताओं ने सीएम की इस घोषणा का तालियां बजाकर स्वागत किया।

अमलीपदर को तहसील बनाने की घोषणा लंबे समय से हो रही है। तहसील नही बनने का खामियाजा स्थानीय लोगो को भुगतना पड़ रहा था। मैनपुर तहसील की दूरी अधिक होने के कारण अमलीपदर क्षेत्र के लोगो को लंबा सफर तय करना पड़ता था। जिसके चलते एक ओर जहां लोगो मैनपुर जाने में समय व्यर्थ होता था वही पैसे की बर्बादी भी होती थी। अब लोगो को इन चीजों से निजात मिलेगी। भाजपा शासनकाल में भी अमलीपदर को तहसील बनाने की मांग जोरशोर से उठी थी।

कई स्थानीय भाजपा नेताओ ने इसको लेकर पहल भी की थी मगर सफलता कांग्रेस के खाते में आई और भाजपा सिर्फ योजना बनाते रह गयी। कांग्रेस सरकार बनते ही लोगो की समस्या को कम करने के लिए सालभर पहले इंदागांव में अस्थाई राजस्व कार्यालय खोला गया था। अब स्थाई समाधान करते हुए सीएम ने अमलीपदर को तहसील बनाने की घोषणा कर दी।

सीएम की इस घोषणा का असर आगामी विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिल सकता है। अमलीपदर एक बड़ा इलाका है जो अमलीपदर के तहसील बनने से प्रभावित होगा। जाहिर है इसका फायदा चुनाव में कांग्रेस को मिल सकता है। वैसे बीते तीन चुनावो में बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा सीट पर भाजपा का कब्जा है कांग्रेस इस बार इसे अपने कब्जे में लाने कोई कोर कसर बाकी नही छोड़ रही है।सीएम के साथ हुई बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भावसिंह साहू, मैनपुर क्षेत्र से आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव जनक ध्रुव जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर, उपाध्यक्ष संजय नेताम, जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता श्रवण सतपथी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ललिता यादव, मैनपुर अध्यक्ष भोला जगत, समेत जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कांग्रेस पदाधिकारी प्रमूख रूप से मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ स्टेट ब्यूरो चीफ उमेश यादव की रिपोर्ट Yadu News Nation

